शामली
नाली की सफाई को लेकर भिड़े दबंग, महिलाओं से मारपीट, चार पर मुकदमा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र के ग्राम बराला कुकरहेड़ी में नाली की सफाई को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों द्वारा एक परिवार के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम बराला कुकरहेड़ी निवासी मुस्तफा पुत्र यासीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। आरोप है कि पड़ोसी कवर पुत्र कामा आए दिन उससे गाली-गलौच और धमकियां देता रहता है। पांच जनवरी की सुबह करीब नौ बजे जब वह अपने घर के बाहर नाली की सफाई कर रहा था, तभी कवर पुत्र कामा और सोनू पुत्र कवर ने कूडा उठाने को लेकर विवाद खड़ा कर दिया।शोर-शराबा होने पर सोनू पुत्र लियाकत और जलालू पुत्र जबरा भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि चारों ने एकराय होकर मुस्तफा, उसकी माता जमीला तथा ससुराल से आई उसकी सास बलकीसा के साथ बेल्टों और लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे तीनों को चोटें आईं। पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और थाने आने की बात कहकर चली गई। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद भी दबंगों ने उसे धमकी दी कि यदि वह थाने गया तो अंजाम बुरा होगा। कोतवाली कैराना पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


