गोड्डा

ड्रग्स मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं : पीडीजे

नालसा (नशे के प्रति जागरुकता और नशा मुक्त भारत योजना ) 2025 के तहत जन जागरुकता रैली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 गोड्डा : झारखंड विधिक सेवा प्राधिकरण , रांची के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से सोमवार को नालसा (नशे के प्रति जागरुकता और नशा मुक्त भारत योजना ) 2025 के तहत जन जागरुकता को लेकर व्यवहार न्यायालय परिसर से रैली निकाली गई। जागरुकता रैली को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमेश कुमार , उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दुबे, परिवार न्यायालय के प्रधान जज अनिल कुमार पांडेय आदि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली व्यवहार न्यायालय से निकलकर विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरती हुई शहीद स्मारक स्थल पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गई। यहां आम लोगों को ड्रग्स मुक्त समाज बनाने को लेकर जागरुक किया गया। इस दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमेश कमार ने कहा कि जागरुकता रैली का मुख्य उद्देश्य समाज व परिवार को नशा मुक्त कराना है। यह कार्यक्रम 12 जनवरी तक चलेगा। नशा एक राष्ट्रीय समस्या बन चुकी है। इसी को रोकने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। नशा समाज को घुन की तरह खोखला बना रही है। नशा मुक्त समाज बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग जरुरी है। नशा उन्मूलन में प्रशासन का सहयोग करें। नशा के आदि हो चुके युवाओं व तबाह हो चुके परिवार की सूचना प्रशासन को दें ताकि समय पर इसका निदान किया जा सके। समाज पर ही राज्य व देश का अस्तित्व निर्भर है। इसकी देखभाल के लिए प्रशासन, पुलिस व डालसा तत्पर हैं। ड्रग्स मुक्त समाज के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। परिवार न्यायालय के प्रधान जज अनिल कुमार पांडेय ने नशा विरोधी अभियान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कहा कि जितने बड़े-बड़े शिक्षण संस्थान हैं। उसके आसपास क्षेत्र में ड्रग्स बिकता है। यहां बेचने वाले भी हम-आप में से कोई हैं। नशा मुक्ति के लिए छोटे बच्चे के शिक्षा पाठ्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान को जोड़ना व जागरुक बनाना जरुरी है। नशा एक सामाजिक विकृति है। इसे जिला प्रशासन, पुलिस, न्यायिक , एनजीओ आदि की सामूहिक पहल से ही समाज व देश को नशा मुक्त बनाया जा सकता है। नशा का सबसे अधिक शिकार महिलाएं होती हैं। नशा की स्थिति में उसकी मानसिक स्थिति शून्य हो जाती है। उसे अच्छे-बुरे का ज्ञान नहीं रहता हॅै। इस अभियान को विभिन्न माध्यमों से जन-जन तक पहुंचाने की जरुरत है। उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि नशा के कारण अपराध बढ़ रहे हैं। नशा मुक्ति को लेकर आम लोगों के बीच जागरुकता अभियान चलाने की जरुरत है। नशा के सेवन से तबाह हो चुके परिवार के पुनर्वास की भी व्यवस्था की जाएगी। अधिवक्ता संघ के महासचिव योगेश चंद्र झा ने भी विचार व्यक्त किए। धन्यवाद ज्ञापन स्थाई लोक अदालत के सदस्य डा. नीरज कुमार मिश्रा ने किया। जबकि संचालन साथी के निदेशक कालेश्वर मंडल व मीडिएटर दिलीप कुमार झा ने किया। रैली के दौरान हाथों में नशा विरोधी नारे लिखी हुई तख्तियां लेकर आवाज बुलंद कर रहे थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राधिकरण के सचिव दीपक कुमार, सभी न्यायिक पदाधिकारीगण, एसडीओ बैद्यनाथ उरांव, डीटीओ एस भुदोलिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी, पुलिस उपाधीक्षक जेपीएन चौधरी, प्रशिक्षु डीएसपी कुमार गौरव, नगर थानेदार दिनेश महली, पुलिस निरीक्षक मधुसुदन मोदक, महिला थानेदार गुलाब किस्पोट्टा, चेंबर आफ कामर्स के मो. कामरान, मुकेश भगत, नेटबाल की मोनालिसा सहित एनजीओ साथी के कार्यकर्ता, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मध्यस्थ, पैनल अधिवक्ता , स्थाई लोक अदालत के अध्यक्ष व सदस्य गण, मध्यस्थ, एलएडीसी, अधिकार मित्र ,पुलिस के जवानों व खिलाड़िया की भूमिका सराहनीय रही।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button