गाजियाबाद

चौधरी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में डायलिसिस सेंटर का शुभारंभ

क्षेत्रवासियों को मिलेगी सस्ती व सुलभ चिकित्सा सुविधा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : चौधरी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में सोमवार को डायलिसिस सेंटर का विधिवत शुभारंभ पूर्व विधायक जाकिर अली ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सुविधा लोनी क्षेत्र के मरीजों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी। अब किडनी संबंधी समस्या वाले मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
पूर्व विधायक जाकिर अली ने अस्पताल संचालक डॉ. सद्दाम की सराहना करते हुए कहा कि आम लोगों को नजदीक में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पहले मरीजों को डायलिसिस के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, जिसके कारण कई बार गंभीर परिस्थितियाँ उत्पन्न हो जाती थीं। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से आग्रह किया कि अस्पताल में आयुष्मान कार्ड योजना के माध्यम से भी उपचार सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को अधिक लाभ मिल सके।
अस्पताल संचालक डॉ. सद्दाम ने बताया कि प्रारंभिक चरण में हॉस्पिटल में दो डायलिसिस मशीनें स्थापित की गई हैं। मरीजों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक चिकित्सा संसाधन और बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन लगातार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए प्रयासरत है और जल्द ही मरीजों के लिए और भी सुविधाएँ शुरू की जाएँगी।
बताते चलें कि चौधरी मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल की नींव क्षेत्र के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. अरशद अली ने रखी थी। लोगों से उनके मजबूत संबंध, सरल व्यवहार और सेवा भाव के कारण अस्पताल ने कम समय में क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है और लगातार प्रगति कर रहा है।
उद्घाटन समारोह के दौरान राष्ट्रीय सवर्ण महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश शर्मा, डॉ. पुनीत कुमार, डॉ. हरमेन्द्र सिंह और राजीव शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अस्पताल प्रबंधन द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया तथा क्षेत्र के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button