शामली

विधवा की 11 बीघा जमीन का फर्जी बैनामा

रिश्तेदारों पर जालसाजी का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। क्षेत्र में जमीन के फर्जी बैनामे का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम भूरा के मजरा पहाड़माजरा निवासी एक अनपढ़ विधवा महिला ने अपने ही रिश्तेदारों पर षड्यंत्र कर उसकी 11 बीघा कृषि भूमि का फर्जी बैनामा कराने, धोखाधड़ी करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली कैराना में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पीड़िता इमराना पत्नी स्व. रुकमदीन ने बताया कि उनके पति की करीब ढाई वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। वर्तमान में वह अपने बच्चों के साथ गर्ग कॉलोनी, बल्लभगढ़ (जनपद फरीदाबाद, हरियाणा) में रह रही हैं। गांव में उनके नाम करीब 11 बीघा कृषि भूमि दर्ज है। आरोप है कि 11 अगस्त 2023 को उन्होंने अपनी छोटी बहन के ससुर जिन्दा पुत्र कमरू निवासी ग्राम भूरा से 7 लाख रुपये प्रति बीघा की दर से जमीन बेचने का सौदा तय किया था। इसके तहत कार्यालय सब-रजिस्ट्रार कैराना में एक पंजीकृत इकरारनामा भी कराया गया था। पीड़िता के अनुसार, बैनामा कराने की अंतिम तिथि पहले तीन जनवरी तय हुई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 30 मई कर दिया गया। इसी बीच आरोप है कि क्रेता पक्ष ने अपने पुत्रों जमशैद व शमशाद तथा पुत्रवधू इसराना के साथ मिलकर षड्यंत्र रचा। आरोप है कि कार्यालय में ड्राफ्टकर्ता व कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से मूल्यवान प्रतिभूति पर पीड़िता के फर्जी अंगूठे के निशान लगवाकर उनकी जगह किसी अन्य महिला को खड़ा कर पांच जुलाई को जमीन का बैनामा करा लिया गया। पीड़िता ने मांग की है कि बैनामे के समय कार्यालय सब-रजिस्ट्रार कैराना में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। बताया गया कि जब वह अपने पुत्रों के साथ गांव पहुंचीं तो उन्हें फर्जी बैनामे की जानकारी हुई। विरोध करने पर आरोपितों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी।इमराना ने अपने पुत्र रिजवान के साथ कोतवाली कैराना पहुंचकर तहरीर दी, जिस पर जिन्दा पुत्र कमरू, जमशैद, शमशाद, इसराना सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button