गोड्डा
अंडर 19 क्रिकेट के सुपर डिविजन में पहुंची गोड्डा की टीम
लगातार तीन माचो में बेहतर प्रदर्शन कर जीती गोड्डा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
– शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए वैभव यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया
गोड्डा। जेएससीए द्वारा आयोजित अंतर जिला अंडर-19 क्रिकेट मुकाबले में गोड्डा ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दुमका को 48 रनों से पराजित किया। गोड्डा की टीम ने अपने तीनों मैच में जीत दर्ज करते हुए सुपर डिविजन के लिए क्वालीफाई कर लिया है।गोड्डा का अंतिम लीग मैच 08 जनवरी को जामताड़ा के विरुद्ध खेला जायेगा। गोड्डा के गांधी मैदान में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए गोड्डा 48 ओवरों में 222 रन बनाकर ऑलआउट हुई। टीम की ओर से वैभव यादव ने 57 गेंदों में 51 रनों की उपयोगी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे। उनके अलावा मोहम्मद सलमान ने 75 गेंदों में 50 रन और पीयूष कुमार ने 47 गेंदों में 48 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दुमका की टीम 45 ओवरों में 174 रनों पर सिमट गई। गोड्डा की गेंदबाज़ी आक्रमण ने मैच में निर्णायक भूमिका निभाई। वैभव यादव ने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए 8 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं, कप्तान सौरभ कुमार मांझी ने लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट लिए। दुमका की ओर से करन कुमार सिन्हा ने गेंदबाज़ी में 4 विकेट प्राप्त किया। अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए वैभव यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार नगर थाना प्रभारी दिनेश महली के द्वारा ट्रॉफी एवं 5 हजार की राशि प्रदान की गई। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि आपलोग और मेहनत करे और अपने जिले का नाम रौशन करे। बताया गया कि बुधवार को जामताड़ा बनाम पाकुड़ के बीच मुकाबला खेला जायेगा। जेएससीए के पर्यवेक्षक अभिषेक मोइत्री ने दोनों टीम को अपनी गलती में सुधार करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने का सुझाव दिया। मैच में अंपायर अमित हाजरा, संजीव सिंह व स्कोरर जुनेक अहमद थे। मंच संचालन अमित सिंह के द्वारा किया गया।इस अवसर पर क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष अमित बोस, संजीव कुमार, सनोज कुमार, मुकेश मंडल, अवधेश, अंजन, अभिषेक, मुकेश मोदी, दिव्यप्रकाश, राहुल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।



