गोड्डा
झारखंड सरकार के खिलाफ महागामा में भाजपा का धरना प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा नगर पंचायत झारखंड सरकार की नगर निकाय चुनाव को लेकर कथित गलत मंशा के विरोध में महागामा नगर पंचायत क्षेत्र में महागामा अनुमंडल कार्यालय के सामने लाल मैदान में एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस धरना कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र का राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। इस बड़े आंदोलन की अगुवाई भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं महागामा विधानसभा के पूर्व विधायक माननीय अशोक कुमार भगत ने की। उनके साथ गोड्डा जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक यादव सहित महागामा विधानसभा क्षेत्र एवं नगर पंचायत के सभी भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक भारी संख्या में मौजूद रहे। धरना को संबोधित करते हुए नेताओं ने झारखंड सरकार पर तीखा हमला बोला। वक्ताओं ने कहा कि सरकार नगर निकाय चुनाव को लगातार टालकर जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन कर रही है। नगर पंचायतों में चुने हुए जनप्रतिनिधि नहीं होने से विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। धरना स्थल पर सरकार विरोधी नारों से लाल मैदान गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में नगर निकाय चुनाव अविलंब कराने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र किया जाएगा। महागामा से उठा यह आंदोलन अब पूरे जिले में राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है और सरकार पर दबाव बढ़ता दिख रहा है। मौके पर नगर अध्यक्ष अशोक यादव, जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा जिला महामंत्री मुरारी चौबे, एसटी मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रबोध सोरेन, नंदकिशोर ठाकुर आदि उपस्थित थे।



