गाजियाबाद

लोनी में गाजियाबाद रोड पर सफाई अभियान बना मुसीबत

सड़क किनारे दस दिनों से पड़े कूड़े के ढेर,  वाहनों से होने वाले हादसे का खतरा बढ़ा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगर पालिका द्वारा चलाया गया सफाई अभियान अब राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। नगर पालिका ने लोनी से गाजियाबाद जा रहे मार्ग पर कस्बा चौकी से लेकर बाग राणप तक नालों और गलियों की सफाई तो कराई, लेकिन कूड़े का निस्तारण न होने के कारण सड़क किनारे और मुख्य मार्गों पर बड़े-बड़े कचरे के ढेर जमा हो गए हैं, जिन्हें दस दिन बीत जाने के बाद भी सफाई कर्मचारियों द्वारा उठाया नहीं गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सफाई के दौरान कूड़ा एक जगह इकट्ठा तो कर दिया गया, लेकिन उसे उठाने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। सड़कों पर फैली गंदगी और फिसलन किसी भी समय यहां बड़ा हादसा करा सकती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बदबू और गंदगी के कारण आसपास का माहौल भी बदहाल हो चुका है।
कस्बा चौकी लोनी से लेकर बाग़ राणप तक सड़क किनारे गंदगी के ढेर लगे हैं। इससे राहगीरों के साथ दुकानदारों और कंचन पार्क, रुपनगर औद्योगिक क्षेत्र के लोग भी प्रभावित हैं। लोगों का आरोप है कि नालों की सफाई के बाद गंदगी को सड़क पर फेंक दिया गया और नगरपालिका प्रशासन “कुंभकर्णी नींद” में सोया हुआ है।
सफाई अव्यवस्थाओं से नाराज़ गुलाब वाटिका कॉलोनी वार्ड संख्या 41 के लोगों ने अंकुश जैन मिकू सभासद के नेतृत्व में हाल ही में नगरपालिका परिषद का घेराव भी किया था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि “लायन ग्रुप कंपनी” जो सफाई का अनुबंध कार्य संभाल रही है, वह तभी हरकत में आती है जब जनता हंगामा करती है।
दस दिनों से सड़क पर पड़े कचरे के ढेरों में दुर्गंध फैल चुकी है, जिससे संक्रमण और गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि कूड़ा जल्द नहीं उठाया गया तो वे एक बार फिर कंचन पार्क रुपनगर के लोग नगर पालिका का घेराव करने को मजबूर होंगे।
लोगों का सवाल है कि
क्या प्रशासन  किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है?
या जिम्मेदार अधिकारी तुरंत इस समस्या का समाधान कराएंगे ।

Oplus_16908288
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button