बरेली
बरेली में शीत दिवस, दो दिन से नहीं निकली धूप; कड़ाके की ठंड से कांपे लोग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरेली। सर्दी का सितम लगातार जारी है। लगातार दो दिन से धूप नहीं निकली है। सोमवार रात से ही शहर व आसपास के इलाकों पर घने कोहरे की चादर तन गई। कोहरे के चलते मंगलवार को दिन में भी लोगों को वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। बुधवार को भी कोहरा छाया रहा। शीतलहर से लोगों की कंपकंपी छूट रही है। शीत दिवस के हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने तीन दिन घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार को दिनभर धूप नहीं निकली। पहाड़ों से आ रही सर्द पछुआ हवा से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। 2 से 2.5 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवा के कारण गलन ने लोगों को परेशान किया। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 12.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सोमवार की तुलना में 2.2 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रहा। बुधवार को न्यूनतम तापमान में थोड़ा इजाफा हुआ है। पारा आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बरेली समेत आसपास के जिलों में तीन दिन का घने कोहरे के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है। पहाड़ से आने वाली ठंडी हवा लोगों को सताएगी। दो से तीन डिग्री सेल्सियस कम होने का अनुमान जताया गया है।



