शामली
नाला ओवरफ्लो से किसानों की फसल डूबी, प्रशासनिक अनदेखी से बढ़ी परेशानी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना : सुंदर नगर और माजरा भड़ी से होकर खोकरी नदी की ओर जाने वाला मुख्य नाला लंबे समय से गंदगी और जलकुंभी से अटा पड़ा है। सफाई न होने के कारण हाल ही में यह नाला ओवरफ्लो हो गया, जिससे आसपास के खेतों में पानी भर गया और कई बीघा किसानों की खड़ी फसल बर्बाद हो गई। इस घटना से विशेषकर छोटे और सीमांत किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
ग्रामीणों के अनुसार नाले में वर्षों से कचरा, मिट्टी और झाड़ियाँ जमा हैं। हल्की बारिश या नहरों से छोड़े गए पानी के चलते नाला तुरंत उफान पर आ जाता है। बीते दिनों नाले के ओवरफ्लो होने से पशुओं के चारे के लिए बोई गई फसल पूरी तरह जलमग्न हो गई। खेतों में कई दिनों तक पानी भरा रहने से फसल सड़ने लगी है, जिससे किसानों के सामने चारे का संकट खड़ा हो गया है।
किसानों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर ग्राम सचिव और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया गया, जिससे किसानों में रोष व्याप्त है। छोटे किसान बताते हैं कि उनकी आजीविका पूरी तरह खेती और पशुपालन पर निर्भर है। फसल खराब होने से उनके सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि नाले की तत्काल सफाई कराई जाए और स्थायी समाधान के लिए पक्की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने। साथ ही किसानों को हुए नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिया जाए। यदि जल्द ही प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों की मेहनत यूं ही पानी में न बहे।


