बरेली

बीमा एजेंट बनकर ऑनलाइन ठगी करने वाले चार गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। बीमा पॉलिसी में ज्यादा बोनस और अतिरिक्त मुनाफे का झांसा देकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक शातिर साइबर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना भुता पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो स्विफ्ट कार में बैठकर मोबाइल फोन के जरिए ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने बुधवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि केसरपुर साप्ताहिक बाजार के पास खाली मैदान में कुछ लोग संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना के आधार पर भुता पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और एक स्विफ्ट कार से चार युवकों को पकड़ लिया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मो. नवी निवासी केसरपुर, फरमान निवासी धन्तिया थाना फतेहगंज पश्चिमी, मो. अकरम और आरिफ निवासी केसरपुर थाना भुता के रूप में हुई है।
सभी आरोपी बरेली जिले के ही रहने वाले हैं।
ऐसे करते थे ठगी
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लोगों को कॉल कर खुद को नामी बीमा कंपनियों का एजेंट बताते थे। पहले विश्वास जीतते थे, फिर पॉलिसी में बोनस मिलने, रिफंड या ज्यादा रिटर्न दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लेते थे। ठगी की रकम फर्जी बैंक खातों में मंगाकर आपस में बांट ली जाती थी।
कम पढ़े-लिखे, लेकिन साइबर ठगी में शातिर
आरोपियों ने बताया कि वे ज्यादा शिक्षित नहीं हैं। कोई जरी का काम करता है तो कोई ठेकेदारी से जुड़ा है, लेकिन जल्दी पैसा कमाने के लालच में साइबर ठगी के रास्ते पर उतर आए।
आगे की जांच जारी चारों आरोपियों के खिलाफ थाना भुता में आईटी एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इनके बैंक खातों, कॉल डिटेल और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में और नाम सामने आ सकते हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button