नव वर्ष पर पाकुड़ पुलिस की पहल, प्रोजेक्ट डिवाइस के तहत गुमशुदा मोबाइल बरामद कर धारकों को सौंपे गये
Pakur Police's initiative on New Year, under Project Device, lost mobile phones were recovered and handed over to the holders.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। आम जनता के हित में एक सराहनीय कदम उठाते हुए पाकुड़ पुलिस ने नव वर्ष के अवसर पर प्रोजेक्ट डिवाइस की शुरुआत की है। इस पहल के तहत जिले में चोरी या गुमशुदा मोबाइल फोन को बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपा जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने एक प्रेस वार्ता आयोजित कर जानकारी दी कि नव वर्ष के प्रथम सप्ताह में पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र से गुमशुदा हुए पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी एवं नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार ने मोबाइल धारकों को उनके मोबाइल फोन सौंपे। मोबाइल प्राप्त करने वालों में सदर प्रखंड के चापाडांगा निवासी दिनेश प्रमाणिक, पश्चिम बंगाल के वर्धमान निवासी मैनक भट्टाचार्य (जो वर्तमान में पाकुड़ में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं), नगर थाना क्षेत्र के कामेश साहा, सनीत कुमार दे तथा प्यादापुर निवासी रफीकुल शेख शामिल हैं। अपने गुमशुदा मोबाइल वापस पाकर सभी धारकों में खुशी देखी गई और उन्होंने इस पहल के लिए पाकुड़ पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रोजेक्ट डिवाइस के माध्यम से भविष्य में भी ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई कर आम लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। इस अभियान में नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार, आरक्षी सुधीर रमानी सहित नगर थाना के अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित थे। यह पहल पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


