असम के दरंग जिले के नए जिला आयुक्त के रूप में पौबाली गोहांई ने पदभार ग्रहण किया
गृह विभाग की पूर्व सचिव का बड़ा स्थानांतरण।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
असम सरकार के हालिया प्रशासनिक फेरबदल के तहत दरंग जिले के नए जिला आयुक्त (डीसी) के रूप में 1993 बैच की एसीएस (असम सिविल सर्विस) अधिकारी पौबाली गोहांई ने बुधवार को जिला मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने विदाई डीसी 1999 बैच के एसीएस पराग कुमार काकती से औपचारिक रूप से दायित्वभार प्राप्त किया, जो अब गोलाघाट जिले के जिला आयुक्त के पद पर स्थानांतरित हो चुके हैं। पदभार ग्रहण करने से पूर्व पौबाली गोहांई असम सरकार के गृह एवं राजनैतिक विभाग की सचिव के रूप में कार्यरत थीं तथा जेल महानिदेशक (आईजी प्रिजन्स), असम का अतिरिक्त दायित्व भी संभाल रही थीं। 1993 को एसीएस कैडर में शामिल हुईं गोहांई ने विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर लंबा अनुभव प्राप्त किया है। यह नियुक्ति असम सरकार के दिसंबर 2025 में किए गए बड़े प्रशासनिक पुनर्गठन का हिस्सा है, जिसमें 14 आईएएस एवं एसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण शामिल थे। जानकारी के मुताबिक चुनावी तैयारियों के बीच यह फेरबदल जिला प्रशासन को मजबूत बनाने और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है ।



