रांची

झारखंड पुलिस में बड़ा फैसला: थानों से जैप, आईआरबी व एसआईआरबी जवानों की मुंशी पद से प्रतिनियुक्ति रद्द

Jharkhand Police's major decision: Deputation of JAP, IRB and SIRB personnel from police stations to the post of clerk cancelled

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखण्ड पुलिस विभाग में एक अहम प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। राज्य की पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा ने सभी थानों में मुंशी पद पर प्रतिनियुक्त किए गये झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप), इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबी) और स्पेशलाइज्ड इंडिया रिजर्व बटालियन (एसआईआरबी) के जवानों की प्रतिनियुक्ति को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का आदेश जारी किया है। इस संबंध में पुलिस मुख्यालय द्वारा आधिकारिक आदेश भी निर्गत कर दिया गया है। डीजीपी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि राज्य के विभिन्न जिलों के थानों में मुंशी के रूप में तैनात इन बलों के जवानों की प्रतिनियुक्ति नियमों के अनुरूप नहीं पाई गई, इसलिए सभी को उनके मूल बल में वापस भेजा जाएगा। उल्लेखनीय है कि यह प्रतिनियुक्ति पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता के कार्यकाल में की गई थी। पुलिस मुख्यालय के आदेश पर 29 सितंबर 2025 को राज्य के अलग-अलग जिलों में कुल 212 जवानों को थानों में मुंशी पद पर पदस्थापित किया गया था। इसके अलावा जुलाई 2025 में 89 महिला सिपाहियों को महिला थानों में इसी प्रकार तैनात किया गया था। इन आदेशों को लेकर विभाग के भीतर ही आपत्ति दर्ज कराई गई थी। जैप की एडीजी प्रिया दुबे ने इन प्रतिनियुक्तियों का विरोध करते हुए इसे सेवा नियमों के विरुद्ध बताया था। उन्होंने कहा था कि जैप, आईआरबी और एसआईआरबी के जवानों के तबादले व प्रतिनियुक्ति के लिए एक निर्धारित समिति होती है, जिसकी अनुशंसा के बिना ऐसे आदेश जारी नहीं किए जा सकते। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि थानों में मुंशी पद पर पदस्थापन का अधिकार संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक को होता है। एडीजी प्रिया दुबे ने 2 अक्टूबर 2025 को डीआईजी कार्मिक को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह मामला विभागीय स्तर पर लगातार चर्चा में बना रहा। वर्तमान डीजीपी तदाशा मिश्रा ने पदभार ग्रहण करने के बाद इस पूरे मामले की समीक्षा की और नियमों के आलोक में विचार करते हुए पूर्व में जारी प्रतिनियुक्ति आदेशों को निरस्त करने का निर्णय लिया। इसके तहत अब सभी संबंधित जवानों की मुंशी पद से प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button