ललितपुर
बिना नम्बर प्लेटों की गाडिय़ों से आये हमलावरों ने डेयरी संचालक को पीटा
पुलिस ने घायल की तहरीर पर सात नामजद पर दर्ज की एफआईआर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। बिना नम्बर प्लेट की मोटर साइकिलों से आये दबंगों ने एक युवक के साथ बेसवॉल के डण्डों, लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। पुराना सूचना केन्द्र के पास दूध डेयरी संचालन कर रहे युवक पर हुये हमले को लेकर यहां लोगों में अफरा-तफरी मच गयी। घायल की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से एक युवती ने घायल युवक के छोटे भाई पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुये एफआईआर दर्ज करायी है।
सरस्वती शिशु मंदिर के पास रहने वाले यश बबेले पुत्र कृष्ण गोपाल बबेले ने कोतवाली पुलिस को अवगत कराया कि बुधवार की रात करीब 8.10 बजे वह अपनी दूध डेयरी की दुकान जो कि सूचना केन्द्र के पास गोस्वामी मेडीकल के सामने है को चला रहा था। तभी वहां एकराय होकर आजादपुरा निवासी शिवम शर्मा (पठान), शक्ति बाल्मीकि, दम्मू के कुंआ के पास रहने वाले राज राजा, संजू रायकवार, दिनेश यादव अपने आठ अज्ञात लोगों के साथ बिना नम्बर प्लेट के दो पहिया वाहनों से आये और उसके साथ बिना कारण मारपीट करने लगे। जब उसने विरोध किया तो उक्त लोगों ने लाठी-डण्डों, लोहे की रॉड से मारपीट कर दी, जिससे उसके सिर, छाती, अंधरूनी व बाहरी चोटें आयीं। आरोप है कि उक्त लोग जान से मारने की धमकी देते हुये भाग गये। घटना को विशाल राजपूत, प्रिंस प्रजापति, प्रिंस राजपूत, सिद्धार्थ कटारे, गौरव रावत, नीतेश तिवारी, बब्लू गोस्वामी ने देखा और बचाव किया। आरोप लगाया कि उक्त लोगों ने दोपहर करीब 11.45 बजे उसके छोटे भाई शिव बबेले पुत्र परशुराम बबेले के साथ भी मारपीट की थी और उक्त व्यक्तियों में से दिनेश यादव ने अपनी पुत्री से झूठे मुकद्दमें में फंसाने की धमकी भी दी है। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने सात नामजद व अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 115 (2), 191 (2) व 351 (3) के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
युवती ने शिव बबेले पर लगाया छेड़छाड़ का आरोप
बीस वर्षीय युवती ने शिव बबेले पर पिछले चार-पांच दिनों से छेड़छाड़ करने और उसके पिता व भाई को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बताया कि बुधवार को शाम करीब 7 बजे उसके घर शिव बबेले व आरएमव्ही कॉलेज के पास काशीराम कालोनी निवासी राहुल यादव ने घर में घुसकर उसकी मां व बहन से गालियां देते हुये जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उसके साथ छेड़छाड़ भी की गयी। पुलिस ने युवती की तहरीर पर शिव बबेले व राहुल यादव के खिलाफ बीएनएस की धारा 333, 351 (3), 352, 74 के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।



