मथुरा
विप्रा उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने गोवर्धन के प्रमुख चौराहों का किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। गोवर्धन में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (विप्रा) की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने गोवर्धन पहुंचकर कस्बे के प्रमुख चौराहों और नागरिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने जमनावता चौराहा से लेकर डीग अड्डा तक भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने जमनवता तिराहा, एकता तिराहा, सौंख अड्डा तिराहा और डीग अड्डा तिराहे पर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, मल्टीलेवल पार्किंग समेत अन्य सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने चौराहों को अधिक सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने कहा कि गोवर्धन आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने अधिकारियों को चिन्हित समस्याओं का बिंदुवार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने चौराहों के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने और पूर्व में तैयार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र धरातल पर उतारने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान विप्रा के अधीनस्थ अधिकारी मौजूद रहे।



