शामली
नेशनल हाईवे पर अज्ञात कार की टक्कर से बाइक सवार अधेड़ गंभीर घायल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। शामली से बाइक पर सवार होकर कैराना लौट रहे अधेड़ को नेशनल हाईवे पर अज्ञात कार सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रविवार की शाम रामबीर (50) पुत्र कृष्ण, निवासी गांव लिलौन, बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह नेशनल हाईवे पर स्थित गांव एरटी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि रामबीर सड़क पर गिर पड़े और उन्हें सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। किसी ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के माध्यम से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैराना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार दिया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। समाचार लिखे जाने तक घायल की हालत चिंताजनक बनी हुई थी। हादसे के बाद अज्ञात कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के संबंध में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


