जबर टुसू परब का आयोजन 13 जनवरी को नावाडीह स्टेडियम में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। नावाडीह प्रखंड स्थित बिनोद बिहारी स्टेडियम में आगामी 13 जनवरी को पारंपरिक और भव्य जबर टुसू परब का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर इलाके में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं।
इस ऐतिहासिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में डुमरी विधायक जयराम महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए मेला समिति द्वारा सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं।
मेला समिति के अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि संदीप झारखंडी ने जानकारी देते हुए बताया कि
इस वर्ष जबर टुसू परब को पहले से भी अधिक भव्य रूप दिया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक झांकियां, टुसू गीत, पारंपरिक नृत्य और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां लोगों को आकर्षित करेंगी। साथ ही स्टेडियम परिसर में भव्य मेला भी लगाया जाएगा, जहां तरह-तरह की दुकानें और मनोरंजन के साधन उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और पार्किंग सहित सभी जरूरी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
स्थानीय लोगों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है और दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
नावाडीह एक बार फिर जबर टुसू परब के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक पहचान को भव्य रूप से प्रस्तुत करने के लिए तैयार है।
मौके पर सुंदर महतो, अंतलाल महतो, मनोज महतो , समीर अंसारी , मदन महतो , हरेंद्र महतो, रंजीत महतो आदि लोग मौजूद थे।



