गाजियाबाद
पुस्तक मेले में युवा लेखकों की किताबों को मिल रहा पाठकों का प्यार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : भारत मंडपम (पूर्व में प्रगति मैदान) में आयोजित देश के सबसे बड़े पुस्तक मेले में साहित्य प्रेमियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। इस मेले में देशभर से आए लेखक और प्रकाशक अपनी पुस्तकों को पाठकों तक पहुंचा रहे हैं। पुस्तक मेला न केवल किताबों की खरीद का स्थान है, बल्कि यह नए और युवा लेखकों को पहचान दिलाने का भी एक बड़ा मंच है।
पुस्तक मेले में गाजियाबाद के लेखक मार्टिन फैसल और प्रयागराज के लेखक इमरान संभलशाही की किताबें खास चर्चा में हैं। दोनों लेखकों ने मिलकर “अनन्या के पत्र” नामक पुस्तक लिखी है, जिसे पाठकों द्वारा पसंद किया जा रहा है। इसके अलावा मार्टिन फैसल की एकल पुस्तक “नामचीन शहर की वो गुमनाम लड़की” और इमरान संभलशाही की “स्त्रियां बोलती हैं” भी पाठकों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। ये सभी किताबें इंक पब्लिकेशन के स्टॉल पर उपलब्ध हैं।
खिदमत ए अवाम युवा समिति के अध्यक्ष मार्टिन फैसल ने बताया कि वर्ष 2020 में उनकी पहली पुस्तक “आब-ए-रवां” प्रकाशित हुई थी। उन्होंने कहा कि पुस्तक मेले जैसे बड़े मंच पर किताबों की मौजूदगी लेखकों को आगे बेहतर लिखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने बताया कि उनकी और इमरान की सभी किताबें नारी विषयों पर आधारित हैं, जिनमें समाज की वास्तविक समस्याओं को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
वहीं लेखक इमरान संभलशाही ने कहा कि जब हर वर्ग के लोग पुस्तक मेलों में भाग लेते हैं, तो शिक्षा और साहित्य के प्रति रुचि बढ़ती है, जिससे समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है।


