गाजियाबाद
अवैध निर्माण से परेशान डी एल एफ अंकुर बिहार के नागरिक
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण अवैध निर्माण होने से बना अनजान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी नगरपालिका के वार्ड संख्या 33 के कई इलाकों में अवैध निर्माण का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। कालोनाइजरों द्वारा बिना अनुमति और नियमों को ताक पर रखकर फ्लैटों का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे आसपास के नागरिकों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अवैध निर्माण के कारण न केवल क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं पर दबाव बढ़ रहा है, बल्कि सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े खतरे भी पैदा हो रहे हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, संबंधित कालोनाइजर सरकारी नियमों और मानकों का खुलेआम उल्लंघन कर रहे हैं। न तो नक्शा पास कराया गया है और न ही आवश्यक अनुमतियां ली गई हैं, इसके बावजूद धड़ल्ले से बहुमंजिला फ्लैट खड़े किए जा रहे हैं।
डी एल एफ अंकुर बिहार ए/4 के नागरिकों ने सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि ए ब्लाक के 4/8 प्लांट में बन रही बिल्डिंग में छज्जा रोड की तरफ निकाल दिया है जो पूरी तरह से अवैध निर्माण है उन्होंने इस संबंध में कई बार गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) सहित अन्य संबंधित विभागों में लिखित और मौखिक शिकायतें दर्ज कराई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभागीय अधिकारियों की सुस्ती के चलते अवैध निर्माण करने वालों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं।
इस पूरे मामले में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्राधिकरण सब कुछ जानते हुए भी अनजान बना हुआ है और जानबूझकर कार्रवाई से बच रहा है। नागरिकों ने मांग की है कि अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषी कालोनाइजरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया, तो आने वाले समय में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन कब जागता है और आम नागरिकों को इस अवैध निर्माण की समस्या से राहत मिलती है या नहीं।


