
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। थाना नौचन्दी पुलिस ने चर्मरोग क्लीनिक की आड़ में स्पा सेंटर के नाम पर चल रहे अनैतिक देह व्यापार का खुलासा करते हुए एक पुरुष व एक महिला को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 13 जनवरी 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
सूचना के अनुसार थाना नौचन्दी क्षेत्र में रिलायंस ज्वैलर्स के पास स्थित एक भवन में संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं, जहां बाहर से लगातार युवक-युवतियों का आना-जाना देखा गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान मौके से शाहरुख पुत्र यासीन निवासी गुलावटी, जनपद बुलंदशहर तथा पूजा सैनी पुत्री धनसिंह निवासी शास्त्री नगर, मेरठ को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में तीन मोबाइल फोन, एक रजिस्टर, पेन, पेटीएम क्यूआर कोड, फोन-पे पीओएस मशीन सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध थाना नौचन्दी पर मु0अ0सं0-11/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। उल्लेखनीय है कि जनपद में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ मेरठ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कल व्यापक खुलासा किया था। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई छापेमारी के दौरान कुल 16 युवतियों को मुक्त कराया गया था, जबकि कई पुरुष एवं महिला संचालकों को गिरफ्तार किया गया था।
कल की कार्यवाही में पुलिस ने शास्त्रीनगर, मंगलपांडे नगर एवं गढ़ रोड क्षेत्र में संचालित स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर पुलिस ने देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। जांच में सामने आया था कि बाहर से लाई गई युवतियों को ग्राहकों के संपर्क में लाने के लिए मोबाइल फोन और रजिस्टर के माध्यम से सौदे तय किए जाते थे। संचालिकाओं के मोबाइल फोन से करीब 225 आपत्तिजनक फोटो भी बरामद हुई हैं।


