शामली

 चुनाव की रंजिश में ट्रांसपोर्ट कारोबारी को जान से मारने की धमकी,  मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
कैराना। प्रधानी चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश के चलते एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली कैराना पुलिस ने प्रधान पुत्र सहित तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बरनावी निवासी रिजवान पुत्र आबिद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का कारोबार करता है तथा उसका कार्यालय हरियाणा के करनाल में स्थित है, जिसके चलते उसे रोजाना बाहर आना-जाना पड़ता है। आरोप है कि गांव के ही इरफान, इंतजार पुत्रगण मंजूरा तथा इसराईल पुत्र इरफान प्रधान उससे प्रधानी चुनाव को लेकर रंजिश रखते हैं।पीड़ित के अनुसार आरोपी आए दिन गाली-गलौच करते हुए उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देते रहते हैं। आरोपियों पर दबंग और झगड़ालू प्रवृत्ति का होने का आरोप लगाते हुए बताया गया कि पूर्व में भी वे गांव में सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश कर चुके हैं। कई बार बाहर के युवकों को बुलाकर डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। पीड़ित ने बताया कि उसके भतीजे अफजाल पुत्र इकराम, जो दूध की सप्लाई का कार्य करता है, को भी दूध बांटने के दौरान जान से मारने की धमकी दी जा चुकी है। इससे पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव में है। चार दिन पूर्व भी आरोपियों द्वारा बाहर के युवकों को बुलाकर जान से मरवाने की धमकी देने की बात कही गई है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि आरोपी किसी भी समय गंभीर वारदात को अंजाम दे सकते हैं तथा पुलिस से सुरक्षा और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समय पाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button