
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। मेरठ में सोनू कश्यप की जलाकर हत्या किए जाने की जघन्य घटना के विरोध में गुरुवार शाम चौसाना क्षेत्र के गांव खोडसमा में कश्यप समाज का गुस्सा खुलकर सामने आया। कश्यप मौहल्ला में बने बारातघर में एकत्र होकर सैकड़ों लोगों ने मोमबत्तियां जलाईं और पूरे गांव में कैंडल मार्च निकालते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
चौसाना क्षेत्र के खोडसमा में गुरुवार शाम कश्यप समाज के लोग कश्यप मौहल्ला स्थित बारातघर में इकट्ठा हुए। यहां सोनू कश्यप की हत्या पर शोक व्यक्त करते हुए समाज के लोगों ने घटना को अमानवीय और शर्मनाक बताया। इसके बाद हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग लिखी तख्तियां लेकर कैंडल मार्च की शुरुआत की गई।
कैंडल मार्च बारातघर से निकलकर गांव की प्रमुख गलियों और रास्तों से होते हुए पूरे गांव में घूमा। इस दौरान सोनू कश्यप के हत्यारों को फांसी दो, न्याय दो–न्याय दो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करो जैसे नारे लगाए गए। नारेबाजी से गांव का माहौल गम और गुस्से से भर गया।
मार्च में शामिल लोगों ने कहा कि सोनू कश्यप की बेरहमी से हत्या कर उसके शव को जलाया जाना पूरे समाज के लिए गहरा आघात है। ऐसी घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। वक्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते दोषियों को सख्त सजा नहीं दी गई तो समाज को मजबूरन बड़ा आंदोलन करना पड़ेगा।
कश्यप समाज के लोगों ने प्रशासन से मांग की कि इस हत्याकांड की निष्पक्ष और तेज़ जांच कराई जाए, सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय व सुरक्षा दी जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई।
इस दौरान, सोनू,सीताराम,बिजेन्द्र,देवेन् द्र,अमरेश,अरिहंत,मोहित,रोहित,सागर,अरविंद,गुरजेंट,बिं दर,करण सिंह,अंकित,अंकुश,सचिन आदि मौजूद रहे।


