रामगढ़

रामगढ़ पुलिस को मिली बड़ी सफलता फायरिंग व रंगदारी कांड का खुलासा,छह अपराधी गिरफ्तार।

अवैध हथियार,जिंदा गोलियां व बाइक बरामद।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

रामगढ़ कुज्जू ओपी क्षेत्र अंतर्गत स्थानीय व्यवसायी डब्बू सिंह के आवास पर हुई फायरिंग और रंगदारी मामले में रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस कांड का उद्भेदन करते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पिस्टल, देशी कट्टा,भारी मात्रा में जिंदा गोलियां, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि दिनांक 05 जनवरी 2026 की संध्या कुज्जू ओपी क्षेत्र के नयामोड़ स्थित व्यवसायी डब्बू सिंह के घर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की थी तथा राहुल दुबे गिरोह का धमकी भरा पर्चा छोड़ा गया था। इस संबंध में मांडू (कुज्जू) थाना कांड संख्या 04/2026 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी एवं अग्रतर अनुसंधान में यह सामने आया कि राहुल दुबे गिरोह एवं सत्यम शुक्ला उर्फ आशीष शुक्ला के निर्देश पर रंगदारी की रकम नहीं देने के कारण फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। अनुसंधान के क्रम में 13 जनवरी 2026 को एनएच-33 स्थित भोजपुर ढाबा के पास से नकुल कुमार चौहान उर्फ बिजली को गिरफ्तार किया गया। वहीं इमामबाड़ा श्याम सरोवर ढाबा के समीप जंगल-झाड़ी से अन्य पांच अपराधियों को भी धर दबोचा गया। गिरफ्तार अपराधियों में राज कुमार करमाली उर्फ राज विश्वकर्मा मुकेश करमाली, रंजीत साव उर्फ रंजन कुमार, जयेश पाल तथा सन्नी सिंह उर्फ आशुतोष सिंह शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से दो पिस्टल,एक देशी कट्टा, विभिन्न बोर की कुल 42 जिंदा गोलियां,आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, राहुल दुबे एवं सत्यम शुक्ला द्वारा उत्तर प्रदेश के कुख्यात शूटर जयेश पाल और सन्नी सिंह को रांची के एक बड़े व्यवसायी की हत्या की सुपारी दी गई थी। गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और इनके विरुद्ध झारखंड व उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इस सफल छापेमारी में रामगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में मांडू थाना, कुज्जू ओपी एवं तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी। पुलिस अधीक्षक ने टीम को इस सफलता के लिए बधाई दी है और कहा है कि संगठित अपराध व रंगदारी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button