शामली
कड़ाके की ठंड में पुलिस का ‘मानवीय चेहरा, वृद्धाश्रम में कंबल बांटकर जीता दिल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना : तेज होती शीतलहर के बीच पुलिस प्रशासन ने मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। मेरठ-करनाल हाईवे पर स्थित एक आवासीय वृद्धाश्रम में गुरुवार को पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ कैराना हेमंत कुमार और कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने वृद्धजनों को गर्म कंबल वितरित किए। साथ ही उन्हें मूंगफली और रेवड़ी भी दी गई।
इस पहल से बुजुर्गों को ठंड से राहत तो मिली ही, समाज में पुलिस के प्रति सकारात्मक छवि भी मजबूत हुई। पुलिस अधिकारियों ने वृद्धाश्रम पहुँचकर बुजुर्गों से आत्मीय बातचीत की, उनका हालचाल जाना और जरूरतों के बारे में पूछा।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा, “समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और संस्कारों की धरोहर हैं। उनकी सेवा करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। पुलिस हमेशा जरूरतमंदों के साथ खड़ी रहेगी। कंबल पाकर वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई बुजुर्ग भावुक हो गए और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार जताया। वृद्धाश्रम प्रबंधन ने भी इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यों से बुजुर्गों को अपनापन और मनोबल दोनों मिलता है।
स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस के इस सेवा भाव की प्रशंसा की और कहा कि ऐसे कदम समाज के लिए प्रेरणादायी हैं।


