गोड्डा
उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोहानी में विशेष बैठक
शिक्षा की गुणवत्ता और शत-प्रतिशत उपस्थिति पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा: शुक्रवार को उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोहानी परिसर में अभिभावकों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों की एक विशेष बैठक सह सामूहिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना तथा छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना रहा। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रखंड प्रमुख अफसाना बानो, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि यहया सिद्दीकी एवं मुखिया धर्मेंद्र पासवान मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए। बैठक की शुरुआत विद्यालय प्रबंधन द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई और स्कूल प्रबंधन ने सभी अतिथियों का फूल माला के साथ स्वागत किया। इसके बाद विद्यालय की वर्तमान शैक्षणिक स्थिति, छात्रों की उपस्थिति, शिक्षकों की भूमिका एवं अभिभावकों की सहभागिता जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तभी संभव है जब शिक्षक, अभिभावक और जनप्रतिनिधि मिलकर समन्वय के साथ कार्य करें। स्कूल में सबसे अधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले छात्र छात्राओं, अभिभावकों एवं ग्राम शिक्षा समिति के सदस्यों को प्रमाण पत्र एवं शाल देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कांग्रेस जिलाध्यक्ष यहया सिद्दीकी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा समाज की रीढ़ है और सरकारी विद्यालयों को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि विद्यालय की समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर समाधान का हर संभव प्रयास किया जाएगा। प्रखंड प्रमुख अफसाना बानो ने कहा कि बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्यों की शिक्षा भी दें, ताकि वे एक जिम्मेदार नागरिक बन सकें। मुखिया धर्मेंद्र पासवान ने ग्रामीण स्तर पर शिक्षा को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमलोगों के लिए गर्व की बात है जिले के सर्वश्रेष्ठ 20 विद्यालय में यह विद्यालय भी शामिल है। पंचायत स्तर से हरसंभव सहयोग विद्यालय को दिया जाएगा, चाहे वह बुनियादी सुविधाओं का मामला हो या बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का प्रयास। बैठक में गहन विचार-विमर्श के बाद कई अहम निर्णय लिए गए। इनमें नियमित अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित करना, अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के घर जाकर संपर्क करना तथा पढ़ाई के स्तर को सुधारने के लिए अतिरिक्त कक्षाएं चलाने जैसे प्रस्ताव शामिल रहे। बैठक के अंत में सभी ने एकजुट होकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया। इस मौके पर समरी पंचायत के मुखिया मिन्हाज आलम, सरोतिया मुखिया हबीब आलम, प्रमुख प्रतिनिधि असलम परवेज, प्रधानाध्यापक अकिल अहमद, सहायक शिक्षक मु नसीम, संतोष कुमार ओझा, कुणाल कुमार, संतलाल मरांडी, बंदना कुमारी, अंजनी कुमार, संजीव कुमार, राकेश कुमार, सुमन मुर्मू सहित पूर्व पंचायत समिति सदस्य अवधेश पासवान, सुनील गुप्ता, सुभाष यादव, हीरामन साह सहित सैंकड़ो की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




