बागपत
बड़ौत में यातायात नियमों को लेकर चला सघन चेकिंग अभियान
औद्योगिक चौकी के पास सराय रोड कट पर पुलिस की सख्ती

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत/बागपत : बागपत जनपद के बड़ौत नगर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से औद्योगिक चौकी के पास सराय रोड कट पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान टीएसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें कॉस्टेबल परवेज, कॉस्टेबल अमित तथा हेड कॉन्स्टेबल संदीप कुमार सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
चेकिंग अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस टीम ने वाहनों में सीट बेल्ट, हेलमेट, वैध कागजात, नंबर प्लेट और अन्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया। इस दौरान दर्जनों वाहनों को रोका गया और जांच की गई।
जिन वाहन चालकों द्वारा सीट बेल्ट या हेलमेट का प्रयोग नहीं किया जा रहा था, उन्हें मौके पर ही नियमों की जानकारी देते हुए कड़ी हिदायत दी गई और भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी देकर छोड़ा गया। पुलिस ने चालकों को समझाया कि यातायात नियम केवल चालान के लिए नहीं, बल्कि उनकी स्वयं की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं।
टीएसआई अशोक कुमार ने बताया कि लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए इस प्रकार के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें, सीट बेल्ट व हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और अपने वाहन के सभी कागजात पूर्ण रखें।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से न केवल यातायात व्यवस्था सुधरती है, बल्कि लोगों में नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।



