पचुवारा सेंट्रल कॉल ब्लॉक ओसीपी में तृतीय वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा के तहत भव्य कार्यक्रम आयोजित
A grand programme was organised at Pachwara Central Call Block OCP under the third annual mine safety fortnight.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। डीजीएमएस सेंट्रल जोन, धनबाद के निर्देशानुसार पचुवारा सेंट्रल कॉल ब्लॉक ओसीपी में 12 जनवरी से 24 जनवरी तक तृतीय वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा–2025 का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 17 जनवरी को अमरपाड़ा प्रखण्ड अन्तर्गत आलू बेड़ा स्थित डीबीएल– पीएसपीसीएल के कैंप कार्यालय परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीसीसीएल सेंट्रल जोन, धनबाद के डीजीएमएस श्री मिथिलेश कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा झंडोत्तोलन के साथ की गई। इस अवसर पर आलू बेड़ा गांव में संचालित चाइल्ड डेवलपमेंट पब्लिक स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों ने संताली एवं हिंदी भाषा में स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में डीजीएमएस द्वारा गठित समिति के सदस्य बीसीसीएल मुरैडिह-फुलारी टांग ओसीपी के कन्वीनर त्रिभुवन सिंह चौहान, कोलवारी इंजीनियर (एक्सकैवेशन) मनोज कुमार, कोलवारी अभियंता अजीत सेठी, माइनिंग अभियंता अशोक कुमार पाल, कोलवारी मैनेजर रणजीत सिंह, कोलवारी सर्वेयर राजकुमार नायक सहित पीएसपीसीएल के एजेंट राकेश कुमार सिंह एवं डीबीएल के प्रोजेक्ट हेड बृजेश कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान डीबीएल सेन्ट्रल कोल माइंस में अपने एवं आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया। मंच संचालन कर रहे डीबीएल के अमन कुमार ने शायरी के माध्यम से कर्मियों को खान सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि डीजीएमएस मिथिलेश कुमार ने अपने सम्बोधन में कहा कि खान सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करना प्रत्येक कर्मी का दायित्व है। उन्होंने सुरक्षा से जुड़ी कई बारीक जानकारियां साझा करते हुए कहा कि स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही सबसे बड़ा कर्तव्य है। कार्यक्रम के उपरांत डीजीएमएस समिति द्वारा उत्खनन कार्य का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया तथा खान सुरक्षा मापदंडों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर डीबीएल के माइंस मैनेजर बी.के. दिवाकर, सिविल इंजीनियर राकेश चोरसिया, निर्पेंद्र सिंह, पीआर कम्पानी के पीएम श्रीनिवास रेड्डी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



