बाराबंकी

दिनदहाड़े छत से घुसे नकाबपोश बदमाश

महिला को बंधक बनाकर की लूट, सिर फोड़कर फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

बाराबंकी जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुरौंडा में रविवार सुबह दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर महिला को बंधक बनाया, उसके साथ मारपीट की और सोने के गहने लूटकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जुरौंडा निवासी कृष्ण प्रकाश सिंह की बहू रेनू सिंह पत्नी इंद्रजीत सिंह रविवार सुबह करीब 9:30 बजे घर की छत पर बने बाथरूम गई थीं। इसी दौरान पहले से छिपे बैठे दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश पीछे की दीवार फांदकर छत पर पहुंचे और छत पर बने अंरिया (दरवाजा) को बाहर से बंद कर महिला को अकेला पाकर दबोच लिया।
बाथरूम में खींचकर ले गए, सिर दीवार से पटका
बदमाश महिला को जबरन खींचकर बाथरूम में ले गए और उसका मुंह पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान महिला के कानों से सोने के झाले, पैर से पायल और बिछिया उतार ली गई। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला का सिर दीवार से दे मारा, जिससे उसका सिर फट गया और गंभीर सूजन आ गई।
महिला द्वारा साहस दिखाते हुए शोर मचाने और झपट्टा मारने पर बदमाश घबरा गए और भागने लगे। हालांकि भागते समय बदमाश सोने के झाले लेकर घर के पास बनी लैट्रिन और छज्जे के सहारे फरार हो गए। पायल और बिछिया मौके पर ही गिर गईं।
कुंडी बाहर से बंद कर भागे बदमाश
छत से धमक और शोर की आवाज सुनकर घर के अन्य परिजन छत की ओर दौड़े, लेकिन बदमाशों ने अंरिया की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी, जिससे परिजन तत्काल छत पर नहीं पहुंच सके। इसी का फायदा उठाकर बदमाश मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत एवं थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल महिला को उपचार के लिए भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े घर में घुसकर हुई इस वारदात से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button