गोड्डा
महागामा में सरस्वती पूजा व शब-ए-बरात को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित
पर्व को सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन करें : इंस्पेक्टर
महागामा। सरस्वती पूजा एवं शब-ए-बरात पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से महागामा थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अवर निरीक्षक रोमा कुमारी एवं जुगनू महथा ने संयुक्त रूप से की। बैठक में महागामा थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान दोनों पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे को और मजबूत करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से सतर्क रहने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध का सख्ती से पालन करें और यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करेंगे। साथ ही लोगों से सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल कायम करने की अपील की गई।बैठक के अंत में पुलिस प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा कि त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और शांति भंग करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई।



