शामली

सड़क हादसे में मृतक सिपाही के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार 

पुलिस ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर मृतक के भाई ने दी चिता को मुखाग्नि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना निवासी सिपाही हर्षित मलिक की सड़क हादसे में हुई मौत के बाद शव पीएम होने के बाद गांव में पहुंचा। शव के गांव में पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक सिपाही को गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ ही गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैकड़ो लोग मौजूद रहे।
थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना निवासी रामकुमार का पुत्र हर्षित मलिक उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात था, जिसकी पोस्टिंग जिला इटावा के बसरेहर थाने की पीआरबी 1623 पर चल रही थी। शुक्रवार को सिपाही हर्षित मलिक मोटरसाइकिल पर सवार होकर सरकारी कार्य से डायल 112 कार्यालय इटावा जा रहा था। भरथना चौराहे से हाईवे पर चढ़कर आईटीआई की ओर आने के दौरान कोकपुरा के पास औरेया की तरफ से पार्सल ट्रक स्लीपर बस को ओवरटेक करने में बेकाबू हो गया और उसने सिपाही हर्षित मलिक की बाइक को टक्कर मार दी थी, जबकि एक अन्य बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। सिपाही की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। सिपाही की मौत की सूचना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई थी, साथ ही सिपाही के परिजनों में कोहराम मच गया था। आरोप है कि पार्सल ट्रक चालक ने शराब का सेवन कर रखा था। पुलिस ने चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने मृतक सिपाही के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया था। शनिवार को मृतक सिपाही का शव पीएम होने के बाद गांव में पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक सिपाही के शव को अंतिम संस्कार के लिए शमशान घाट ले जाया गया, जहां पर पुलिस ने मृतक सिपाही को गार्ड ऑफ ऑनर दिया और मृतक के भाई आदित्य ने चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान सैकड़ो लोग मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button