शामली
मवी गांव में पंचायत वोटर लिस्ट से नाम कटने पर ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो
कैराना। कैराना क्षेत्र के मवी गांव में पंचायत निर्वाचन सूची से नाम नहीं होने को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को तहसील कार्यालय का घेराव किया और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पूर्व प्रधान दिलशाद के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग छह साल पहले उन्होंने मवी गांव में जमीन खरीदकर स्थायी रूप से निवास शुरू किया था। इसके बाद उनका नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज था और सभी आवश्यक दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। इसके बावजूद ग्राम पंचायत की चुनाव सूची में उनके नाम शामिल नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इससे उनका लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहा है और आगामी पंचायत चुनाव में मतदान का हक़ छिनने का खतरा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी पहले भी मौके पर जाकर सत्यापन कर चुके हैं और सभी औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। पूर्व प्रधान दिलशाद ने बताया कि जब मतदाता सूची में नाम दर्ज हैं और सभी दस्तावेज सही हैं, तो इसे हटाना समझ से परे है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सूची में नाम जोड़ने और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। एसडीएम निधि भारद्वाज ने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


