शामली
जानलेवा हमले के मामले में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो
कैराना। थाना कैराना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने वांछित चल रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद भी बढ़ गई है। बताया गया कि विगत 4 मार्च को ग्राम ईस्सोपुर खुरगान निवासी असलम पुत्र रसीद ने थाना कैराना में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसके गांव के ही इन्सार पुत्र मेहंदी हसन ने अपने साथियों के साथ उसके घर में घुसकर गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडों से मारपीट की। इसी दौरान जब उसका भाई अफसर पुत्र रसीद और उसकी पुत्री साईस्ता घर में पहुंचे तो आरोपियों ने धारदार हथियार से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस संबंध में थाना कैराना पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में एक अभियुक्त इस्तकार को पूर्व में गत 30 दिसंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे संदिग्ध वाहन व व्यक्ति चेकिंग अभियान के तहत शनिवार को कैराना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जानलेवा हमले के मामले में वांछित अभियुक्त राशिद पुत्र स्वर्गीय हसन निवासी ग्राम रतौंध, थाना झिंझाना, जनपद शामली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना में शामिल अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।


