खैरथल
बसंत पंचमी से शिविरों का शुभारंभ, 10 दिनों तक चलेगा अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल तिजारा : अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में राज्य स्तर पर आयोजित जीआरएएम-2026 (Global Rajasthan Agri-Tech Meet-2026) की तैयारियों के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। माननीय मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में राज्य की प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर एक दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जाएगें। इन शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक कृषकों और पशुपालकों की जीआरएएम-2026 में सहभागिता सुनिश्चित करना तथा उन्हें विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराना है।
इन विशेष शिविरों का शुभारंभ 23 जनवरी 2026 को बसंत पंचमी के पावन अवसर पर किया जाएगा। इसके पश्चात 24, 25 एवं 31 जनवरी तथा 1 एवं 5 से 9 फरवरी 2026 तक कुल दस दिवसों में प्रत्येक गिरदावर वृत पर प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित सभी संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता रहेगी, ताकि ग्रामीणों, कृषकों एवं पशुपालकों को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने शिविरों के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने एलआर प्रभारी को प्रत्येक गिरदावर वृत में शिविरों के आयोजन का कैलेंडर तैयार कर सभी विभागों को तत्काल सूचित किया जाएगा, जिससे समन्वय के साथ कार्य किया जा सके। 23 जनवरी को आयोजित होने वाले प्रथम शिविर में सहकारिता विभाग द्वारा मुख्यमंत्री किसान निधि की डीबीटी प्रक्रिया को एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया जाएगा।
बैठक के दौरान समाज कल्याण अधिकारी रमेश देहमिवाल, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, अभियंता पीएचईडी धर्मवीर यादव, उपनिदेशक सूचनाओं प्रौद्योगिकी विभाग वीरेंद्र त्यागी, सहायक निदेशक कोऑपरेटिव वेद प्रकाश सैनी, सहायक अभियंता बिजली विभाग दिनेश भड़ाना, एसीएफ वन विभाग संजय चौधरी, पुलिस, राजीविका, बिजली, कृषि, वन, शिक्षा, सहित अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

