दावोस में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की टाटा स्टील के शीर्ष नेतृत्व से अहम बैठक, झारखंड में 11,000 करोड़ रुपये के ग्रीन स्टील निवेश का संकल्प, WEF ने किया व्हाइट बैज से सम्मानित
Chief Minister Hemant Soren held a key meeting with the top leadership of Tata Steel in Davos, pledged to invest ₹11,000 crore in green steel in Jharkhand, and was awarded the White Badge by the WEF.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची/दावोस (स्विट्जरलैंड)। विश्व आर्थिक मंच (WEF) दावोस के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील के शीर्ष नेतृत्व के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान टाटा स्टील ने झारखंड में न्यू एज ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी के तहत कुल 11,000 करोड़ रुपये के निवेश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसे लेकर आशय पत्र (LoI) एवं सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए गये। प्रस्तावित निवेश के अंतर्गत हिरसाना ईज़ी एंड मेल्ट टेक्नोलॉजी में 7,000 करोड़ रुपये, कॉम्बी मिल परियोजना में 1,500 करोड़ रुपये तथा टिनप्लेट विस्तार परियोजना में 2,600 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है। ये सभी परियोजनाएं पर्यावरण-अनुकूल ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित होंगी, जिनमें नीदरलैंड और जर्मनी की अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार टिकाऊ औद्योगिक विकास, स्वच्छ तकनीक और स्थानीय रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। टाटा स्टील के साथ यह साझेदारी राज्य की औद्योगिक क्षमता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और झारखंड को हरित औद्योगिक परिवर्तन का अग्रणी राज्य बनाएगी। यह निवेश राज्य के खनिज-आधारित औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त करने के साथ-साथ ग्रीन एनर्जी और जलवायु-अनुकूल विकास के राष्ट्रीय लक्ष्यों को भी गति देगा। इस दौरान हिताची कंपनी ने भी विद्युत, उच्च स्तरीय ग्रिडिंग एवं उन्नत अवसंरचना के क्षेत्र में निवेश को लेकर अपना प्रस्ताव प्रस्तुत किया।क्षमुख्यमंत्री को WEF का व्हाइट बैज, स्वीडन ने अर्बन ट्रांसपोर्ट में दिखाई रुचि विश्व आर्थिक मंच (WEF) द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को व्हाइट बैज प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री की ओर से WEF को सहयोग का औपचारिक पत्र भी सौंपा गया। यह सहयोग WEF के उत्कृष्टता केंद्रों के अनुरूप तीन प्रमुख विषयों— क्रिटिकल मिनरल्स एवं नई ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन तथा जैव विविधता संरक्षण— पर केंद्रित रहेगा। झारखंड सरकार का विजन 2050 WEF की समावेशी समाज की अवधारणा के अनुरूप बताया गया। वहीं, मुख्यमंत्री की पिछली स्वीडन यात्रा का सकारात्मक परिणाम भी सामने आया है। स्वीडन ने अर्बन ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है। इस दिशा में अप्रैल माह में भारत और स्वीडन के बीच संभावित सहयोग एवं निवेश को लेकर एक राउंड टेबल मीटिंग आयोजित किए जाने की संभावना है। दावोस में मुख्यमंत्री ने स्वीडन की उन कंपनियों से भी मुलाकात की, जिनसे पूर्व में बातचीत हो चुकी है। वर्ल्ड विमन लीडर्स फोरम से भी हुई अहम चर्चा दावोस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री की वर्ल्ड विमन लीडर्स फोरम के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात हुई। बैठक में महिला राजनीतिक नेतृत्व को सशक्त बनाने, विशेषकर हाशिये पर रहने वाले वर्गों की महिलाओं के लिए झारखंड सरकार के साथ सहयोगात्मक ढांचा विकसित करने पर सहमति बनी। साथ ही भारत चैप्टर की स्थापना तथा सभी राजनीतिक दलों की महिला प्रतिनिधियों के लिए एक साझा, गैर-दलीय मंच के गठन का प्रस्ताव भी रखा गया। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ टाटा स्टील के एमडी एवं सीईओ टी. वी. नरेंद्रन, स्वीडन इंडिया बिज़नेस काउंसिल की चीफ इंडिया रिप्रेजेंटेटिव सेसिलिया ओल्डने, वुमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम की अध्यक्ष सिलवाना कोच-मेहरिन, WEF के विराज मेहता, हिताची इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख भारत कौशल, तथा टेक महिंद्रा IMEA डिवीजन के प्रमुख एवं अध्यक्ष साहिल धवन उपस्थित रहे।



