शामली
पुलिस ने गाँव झाड़खेड़ी में “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत लोगों को नशा-मुक्ति के प्रति किया जागरूक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। थाना कैराना पुलिस ने आज ग्राम झाड़खेड़ी में “ऑपरेशन सवेरा: नशे के अंधकार से, जीवन के उजाले की ओर” अभियान के तहत एक व्यापक नशा-मुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों, युवाओं और अभिभावकों को नशे के गंभीर एवं दूरगामी दुष्परिणामों से अवगत कराना और उन्हें नशा-मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था। पुलिस अधीक्षक श्री एन.पी. सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना कैराना पुलिस ने आमजन को नशे से दूर रहने, बच्चों और युवाओं को नशे की लत से बचाने, शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने की प्रेरणा दी। पुलिस ने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और सामाजिक संबंधों पर गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि नशा अपराध, हिंसा और सड़क दुर्घटनाओं का भी मुख्य कारण बनता है। कार्यक्रम के दौरान प्रमुख बिंदु इस प्रकार बताए गए,जिनमें नशा मानसिक संतुलन को प्रभावित करता है और निर्णय क्षमता कमजोर करता है। नशे की लत व्यक्ति के उज्ज्वल भविष्य और करियर पर प्रतिकूल असर डालती है। नशा पारिवारिक विघटन और आर्थिक संकट को जन्म देता है। नशा-मुक्त जीवनशैली ही स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज की नींव है। थाना कैराना पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। किसी भी नशा-संबंधी गतिविधि या अवैध बिक्री की सूचना तुरंत पुलिस को दें; सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ किया गया कि नशा-मुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। थाना कैराना पुलिस भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करती रहेगी।



