बेतुल
बैतूल शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में नगर परिषद का अनाधिकृत भंडारण
नेता प्रतिपक्ष नेहा रूपेश आर्य ने कलेक्टर से की सख्त कार्रवाई की मांग

छात्रों की सुरक्षा से खिलवाड़ का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चिचोली। शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर चिचोली में नगर परिषद चिचोली द्वारा अनाधिकृत रूप से रेत, गिट्टी और सीमेंट का भंडारण किए जाने को लेकर नेता प्रतिपक्ष नगर परिषद चिचोली एवं वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद श्रीमती नेहा रूपेश आर्य ने तहसीलदार चिचोली को ज्ञापन देकर कलेक्टर से शिकायत की है।
शिकायत पत्र में बताया गया है कि शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर के भीतर नगर परिषद चिचोली द्वारा निर्माण सामग्री का भंडारण किया जा रहा है, मशीनों के माध्यम से उसी परिसर में निर्माण सामग्री तैयार भी की जा रही है। यह पूरा कार्य जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी में होने के बावजूद किया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया है कि जिस शैक्षणिक परिसर में छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं, वहां इस तरह की गतिविधियां क्या उनके साथ अन्याय नहीं हैं। उन्होंने यह भी पूछा है कि शैक्षणिक परिसर में इस प्रकार की गतिविधियां किस नियम के तहत कराई जा रही हैं और क्या प्रशासन किसी दबाव में मौन है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्षों से नगर परिषद चिचोली के वाहन भी विद्यालय परिसर में खड़े किए जा रहे हैं, जो छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं। वर्ष 2019-20 में विद्यालय परिसर में आगजनी की घटना में आधा स्कूल परिसर तबाह हो चुका है, इसके बावजूद कोई सबक नहीं लिया गया।
श्रीमती आर्य ने मांग की है कि यह स्पष्ट किया जाए कि किसकी अनुमति से यह सब हो रहा है, क्या उच्च अधिकारियों या जनपद प्रतिनिधियों के कहने पर यह कार्य किया जा रहा है, तथा विद्यालय परिसर के चारों ओर हो रहे अतिक्रमण की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई या नहीं। उन्होंने संपूर्ण विद्यालय परिसर का सीमांकन कराए जाने की भी मांग की है।
– सीएमओ और उपयंत्री पर कार्रवाई की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों के भविष्य, पढ़ाई और खेलकूद गतिविधियों में बाधा बन रही इन गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाई जाए, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए तथा नगर परिषद चिचोली के मुख्य नगर परिषद अधिकारी और उपयंत्री पर कठोर दंडात्मक न्यायिक कार्रवाई करते हुए सामग्री और वाहनों को तुरंत विद्यालय परिसर से हटवाया जाए।



