सिंगरौली
जनसुनवाई में पहुंचे 260 आवेदक, कलेक्टर गौरव बैनल ने सुनी समस्याएं
अधिकारियों को त्वरित निराकरण के दिए सख्त निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर सिंगरौली गौरव बैनल ने जिले के विभिन्न अंचलों से अपनी समस्याओं के निराकरण की उम्मीद लेकर पहुंचे 260 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कलेक्टर ने एक-एक कर आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण, पेंशन, आवास, विद्युत, जलापूर्ति, सड़क, स्वास्थ्य एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर बैनल ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष व संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय, एसडीएम सुरेश जाधव सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई कर आवेदकों को राहत पहुंचाएं, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंच सके।
जनसुनवाई में प्रशासन की सक्रियता से आवेदकों में संतोष देखा गया और कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।



