गोड्डा
आगामी नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। डीआरडीए स्थित सभागार में आगामी नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 को गोड्डा एवं महागामा अनुमंडल में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में निर्वाचन की विभिन्न तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान विभिन्न कोषांगों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी पात्र मतदाताओं के नाम समयबद्ध रूप से मतदाता सूची में शामिल हों तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही मतदान केंद्रों की पहचान, उनका युक्तिकरण, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं संवेदनशील/अतिसंवेदनशील बूथों के चिन्हांकन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने आदर्श आचार संहिता के प्रभावी क्रियान्वयन, चुनाव व्यय की निगरानी, फ्लाइंग स्क्वॉड एवं स्टैटिक सर्विलांस टीम के गठन, तथा कानून-व्यवस्था संधारण हेतु आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किए जाएं। बैठक के दौरान मतदान कर्मियों की नियुक्ति, मीडिया कर्मियों के लिए पास,प्रशिक्षण कार्यक्रम, मतदान पेटिका की उपलब्धता एवं प्रबंधन, सामग्री वितरण एवं संग्रहण की योजना, तथा मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने पर भी चर्चा की गई। उन्होंने सभी संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किए जाएं साथ ही मतदान केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, विद्युत, रैंप आदि की स्थिति का प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं। इसके अतिरिक्त उन्होंने रूट चार्ट से संबंधित प्रतिवेदन भी ससमय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि आगामी नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। बैठक में अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, उप निर्वाचन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, जिला नजारत उपसमाहर्ता सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश पूर्णेन्दु, जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया, नगर प्रशासक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अरविंद प्रसाद अग्रवाल, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



