गाजियाबाद

टीला मोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस चौकी खाली, जिम्मेदारी गायब 

असालत नगर पुलिस चौकी पर लापरवाही की खुली पोल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी तहसील क्षेत्र में कानून व्यवस्था की हकीकत उस समय सामने आ गई जब टीला मोड़ थाने की चौकी असालत नगर फर्रखनगर पूरी तरह से खाली पाई गई। न चौकी प्रभारी मौजूद थे और न ही कोई पुलिस कर्मी। चौकी के कमरे खुले पड़े थे, लेकिन जिम्मेदारी निभाने वाला कोई नहीं। ऐसे में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे नजर आई।
आज दोपहर कुछ स्थानीय लोग अपनी समस्याओं को लेकर पुलिस चौकी पहुंचे थे, लेकिन वहां उन्हें निराशा के सिवा कुछ नहीं मिला। पुलिस चौकी पर ताला नहीं, बल्कि पुलिस ही गायब थी। यह दृश्य अपने आप में पुलिस प्रशासन के उन तमाम दावों की पोल खोलता है, जिनमें पुलिस को हर समय मुस्तैद और जनता की सेवा में तत्पर बताया जाता है।
एक तरफ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार गश्त बढ़ाने और चौकियों को सक्रिय रखने के दावे करते हैं, वहीं दूसरी तरफ जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट दिखाई देती है। जब पुलिस चौकी पर ही पुलिस मौजूद नहीं है, तो क्षेत्र में पुलिस गश्त की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
चौकी के कमरों के गेट खुले होना न सिर्फ लापरवाही को दर्शाता है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर सवाल खड़े करता है। अगर कोई अप्रिय घटना घट जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता? स्थानीय लोगों में इस स्थिति को लेकर भारी नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि जब जरूरत पड़ने पर पुलिस ही न मिले, तो जनता आखिर जाए तो जाए कहां।
यह मामला न केवल चौकी स्तर की लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि पूरे पुलिस तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है। अब देखना यह है कि उच्च अधिकारी इस गंभीर लापरवाही पर क्या संज्ञान लेते हैं या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button