
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। माँट के ग्रामीणों ने यमुना नदी पर बन रहे पौन्टून पुल के स्थान को लेकर विरोध प्रदर्शन किया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए गए। ग्रामीणों ने बताया कि माँट-सकराया क्षेत्र के लोग पहले इमली घाट स्थित यमुना पुल का उपयोग करते थे। यह पुल उनके लिए आवागमन का मुख्य साधन था और क्षेत्र की जीवनरेखा माना जाता था।उनके अनुसार, लोक निर्माण विभाग (PWD) ने ठेकेदार को इमली घाट पर ही पुल बनाने का ठेका दिया था। हालांकि, ठेकेदार ने पुल का निर्माण मूल निर्धारित स्थान से लगभग तीन किलोमीटर दूर एक नए स्थल पर शुरू कर दिया है।ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर नया पुल बनाया जा रहा है, वहां का रास्ता आम जनता के आवागमन के लिए उपयुक्त नहीं है। इस मामले में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह से मुलाकात करने पर उन्होंने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। विरोध प्रदर्शन में स्थानीय निवासी चंदन सिंह, मुला विक्कीराम, हुकुम सिंह और मोहन सिंह सहित कई ग्रामीण शामिल थे।



