मथुरा
मथुरा में युवक ने खुद ही चाकू से रेता गला,पुलिस ने भेजा अस्पताल, हालत गंभीर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा में बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक ने खुद का गला रेतकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि युवक सड़क के किनारे खड़ा होकर गले पर चाकू से वार कर रहा है। वार करने के बाद वह सड़क पर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे समझाने और बचाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन युवक नहीं माना। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को छाता के सीएचसी में भर्ती कराया है। घटना में घायल युवक का नाम पंकज (35) पुत्र लक्ष्मण दास है। वह बिहार के समस्तीपुर का निवासी है, लेकिन वर्तमान में छाता में रहकर मजदूरी करता था। स्थानीय लोग बताते हैं- घटना के समय पंकज मानसिक रूप से अस्वस्थ लग रहा था। मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर नीतू ने जानकारी देते हुए बताया- पंकज नाम का युवक गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। उसके गले पर चाकू के दो गहरे निशान थे और अत्यधिक रक्तस्राव हो रहा था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। थाना प्रभारी कमलेश सिंह ने बताया- युवक अभी अस्पताल में भर्ती है और बयान देने में असमर्थ है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि युवक ने आत्महत्या का प्रयास क्यों किया।



