ललितपुर
तहसील तालबेहट के अधिवक्ताओं को वितरित की गईं विधि पुस्तकें और कैलेंडर
बार काउंसिल चुनाव को लेकर जिला बार के पूर्व महामंत्री की उपस्थिति में हुई अहम बैठक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
तालबेहट (ललितपुर)। तहसील तालबेहट के अधिवक्ता संघ के लिए आज का दिन शैक्षणिक और रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के उपाध्यक्ष अनुराग पाण्डेय द्वारा भेजी गई कानून की नवीनतम पुस्तकें और वर्ष 2026 के कैलेंडर आज तालबेहट तहसील के अधिवक्ताओं को वितरित किए गए। सामग्री वितरण का यह कार्यक्रम जिला बार एसोसिएशन ललितपुर के पूर्व महामंत्री महेंद्र जैन झब्बू के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए तालबेहट बार संघ के अध्यक्ष बाबूलाल नरवरिया ने कहा कि कानून की नई किताबों से युवा और वरिष्ठ दोनों ही अधिवक्ताओं को कानूनी बारीकियों को समझने और न्यायालय में प्रभावी पैरवी करने में मदद मिलेगी। उपाध्यक्ष अनुराग पाण्डेय के इस कदम की सराहना करते हुए उन्होंने इसे अधिवक्ता हित में एक सराहनीय प्रयास बताया। वितरण समारोह के बाद अधिवक्ताओं ने एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। बैठक का मुख्य केन्द्र 27 और 28 जनवरी को जनपद ललितपुर में होने वाले उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्यों के चुनाव रहे। चुनावों की तैयारी और अधिवक्ताओं की एकजुटता को लेकर गहन मंथन किया गया। उपस्थित सदस्यों ने चुनाव के सफल क्रियान्वयन और मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान तहसील तालबेहट बार संघ अध्यक्ष बाबूलाल नरवरिया, अजय उपाध्याय, गजेंद्र नायक, प्रदीप अगरिया, हरिराम श्रीवास, लक्ष्मण श्रीवास, रामगोपाल झां, शैलेन्द्र त्रिपाठी, मनोहर शर्मा, कपिल पुरोहित, मनीष पुरोहित, एड.पुष्पेन्द्र सिंह चौहान, रविन्द्र घोष, कमलेश लोधी, आकाश झा अधिवक्ताओं ने इस आयोजन को आपसी भाईचारे और पेशेवर विकास के लिए एक सकारात्मक मंच बताया।



