ललितपुर
राष्ट्रीय कुष्ठ निवारण दिवस तीस जनवरी को
तेरह फरवरी तक चलाया जायेगा स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। प्रभारी सीएमओ ने बताया कि राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम अन्तर्गत 30 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय कुष्ठ निवारण दिवस, 30 जनवरी से 13 फरवरी तक स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। बताया कि आगामी स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान के दौरान कुष्ठ रोग से संबंधित जागरूकता के लिए विभिन्न गतिविधियां की जाएगी। जिला कुष्ठ अधिकारी डा.प्रदीपसिंह यादव ने बताया कि त्वचा पर हल्के या तांबाई रंग के धब्बे जिनमे सुन्नपन्न हो, हाथ या पैरों में झनझनाहट का अनुभव, नसों में दर्द, हाथ-पैर या पलकों की कमजोरी कुष्ठ रोग के कारण हो सकती है। सभी कुष्ठ रोगियों को ससमय पहचान कर, इलाज दिलाकर दिव्यांगता से बचाना पहली प्राथमिकता है। पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट एवं उप जिला कुष्ठ अधिकारी डा.सौरभ सक्सेना ने बताया कि कुष्ठ एक दीर्धकालिक संक्रामक रोग है जो कि माइकोबैक्टीरियम लेप्री नामक जीवाणु से होता है। इसको हेन्सन रोग के नाम से भी जाना जाता है जो कि मुख्यता हाथों, पैरों की परिधीय तंत्रिका, त्वचा, नाक की श्लेश्मा और ऊपरी श्वसन तंत्र को प्रभावित करता है। कुष्ठ रोग का यदि समय पर उपचार न किया जाए तो दिव्यंागता हो सकती है। अतएव कुष्ठ के लक्षण होने पर निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पर तुरन्त सम्पर्क करना चाहिए। वर्ष 2026 के लिए स्पर्श कुष्ठ जाागरूकता अभियान की निर्धारित थीम भेदभाव समाप्त कर गरिमा सुनिश्चित करें है। प्रभारी सीएमओ ने सभी जनमानस से आगामी स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान कि सफलता हेतु सहयोग की अपील की।



