अमरोहा

फूलपुर-बिजलपुर सुल्तानपुर बीरान मार्ग पर चोरों का तांडव

40 पोल की बिजली लाइन काटकर अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में साफ किए तार, दर्जनों नलकूपों की बिजली ठप, किसानों में आक्रोश

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
अमरोहा। हसनपुर तहसील क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें पुलिस और प्रशासन का कोई खौफ नहीं रहा। ताजा सनसनीखेज मामला हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के फूलपुर-बिजलपुर सुल्तानपुर वीरान मार्ग का है, जहाँ अज्ञात शातिर चोरों ने जंगल से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर धावा बोलकर लगभग 40 पोल खंभों की दूरी के तार काटकर चोरी कर ले गए
 इस बड़ी वारदात से पूरे क्षेत्र के किसानों में भारी रोष व्याप्त है।
रात के अंधेरे में दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फूलपुर से सुल्तानपुर वीरान की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर चोरों ने रात के समय इस घटना को अंजाम दिया। चोरों ने बड़ी चालाकी से बिजली काटकर एल्युमीनियम के भारी-भरकम तारों को खंभों से नीचे उतारा और गायब कर दिया। शुक्रवार सुबह जब किसान अपने खेतों पर सिंचाई के लिए पहुँचे, तो खंभों के बीच से तार गायब देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
किसानों के सामने सिंचाई की चुनौती
लाइन चोरी होने के कारण दर्जनों नलकूपों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। वर्तमान में फसलों को पानी की सख्त जरूरत है, ऐसे में बिजली न होने से किसानों के सामने सिंचाई का गहरा संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित किसानों ने बताया कि इसकी सूचना बिजली विभाग और स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में आए दिन हो रही चोरियों से वे बेहद परेशान हैं और उन्होंने मांग की है कि पुलिस रात में गश्त बढ़ाए।
क्या कहते हैं अधिकारी
बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि घटना स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और नुकसान का आकलन जारी है। विभाग जल्द ही नई लाइन बिछाकर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास करेगा ताकि किसानों की फसल प्रभावित न हो। वहीं, पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही चोर पकड़े नहीं गए और बिजली सुचारू नहीं हुई, तो वे विरोध प्रदर्शन को मजबूर होंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button