मेरठ
शिक्षा एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए एसीआईसी के सीईओ सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, मेरठ द्वारा एसीआईसी एमआईईटी मेरठ फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) श्री प्रशांत कुमार गुप्ता को शिक्षा एवं नवाचार के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान उन्हें नवाचार एवं उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को सशक्त करने, एसटीईएम शिक्षा को बढ़ावा देने, छात्र नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा जमीनी स्तर पर नवाचार को सक्षम बनाने में उनके महत्वपूर्ण और सतत प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि एसीआईसी एमआईईटी मेरठ फाउंडेशन, अटल इनोवेशन मिशन, नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा समर्थित एक प्रमुख इनक्यूबेशन केंद्र है, जो नवाचार आधारित शिक्षा एवं स्टार्टअप संस्कृति को नई दिशा दे रहा है।
प्रशस्ति पत्र में डिज़ाइन थिंकिंग, समस्या-समाधान क्षमता एवं प्रौद्योगिकी आधारित अधिगम को शिक्षा प्रणाली से जोड़ने हेतु किए गए श्री गुप्ता के प्रयासों की विशेष सराहना की गई। साथ ही, युवाओं एवं छात्र नवप्रवर्तकों को नवाचार और स्टार्टअप की ओर प्रेरित कर “विकसित उत्तर प्रदेश – विकसित भारत 2047” के विजन में उनके योगदान को रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर श्री प्रशांत कुमार गुप्ता ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें नवाचार आधारित शैक्षिक पहलों को और अधिक विस्तार देने, युवाओं के सशक्तिकरण तथा स्टार्टअप विकास के लिए निरंतर कार्य करने की नई ऊर्जा प्रदान करता है।
एसीआईसी एमआईईटी मेरठ फाउंडेशन निरंतर शिक्षा, उद्योग और उद्यमिता के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य करते हुए नवप्रवर्तकों, स्टार्टअप्स और छात्रों को इन्क्यूबेशन, मेंटरशिप एवं उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध करा रहा है, जिससे क्षेत्रीय ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर नवाचार को मजबूती मिल रही है।


