डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने छात्राओं को वितरित की नि:शुल्क साइकिलें
"दूरी अब शिक्षा में बाधा नहीं, बेटियों के लिए यह स्वर्णिम युग" - डॉ. शैलेश सिंह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर डीग। बसंत पंचमी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के पावन अवसर पर शुक्रवार को शहर के किशनलाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नि:शुल्क साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह रहे, जिन्होंने छात्राओं को साइकिलें वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दूरी के कारण अब नहीं छूटेगी पढ़ाई
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि यह साइकिल वितरण केवल एक योजना नहीं, बल्कि नारी शक्ति को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई बार घर से स्कूल की दूरी अधिक होने के कारण बेटियों को अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ती थी। लेकिन अब इन साइकिलों के मिलने से उनका आवागमन सुचारू होगा और दूरी की वजह से किसी भी बेटी की शिक्षा बाधित नहीं होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का जिक्र करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि किसी भी देश को विकसित और विश्व गुरु बनाने के लिए वहां की नारी शक्ति का मजबूत होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने न केवल नारियों का सम्मान बढ़ाया है, बल्कि अब राजनीति में भी महिलाओं के लिए आरक्षण की व्यवस्था की है। यह एक बड़ा बदलाव है, जिससे अब हमारी बेटियां विधानसभा और लोकसभा में जाकर अपने क्षेत्र और देश का नेतृत्व कर सकेंगी।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ और नारी शौर्य
विधायक ने भारतीय सेना की महिला अधिकारियों के शौर्य का उदाहरण देते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सेना की दो महिला अधिकारियों ने इस ऑपरेशन को अंजाम देकर और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब देकर देश की बेटियों के सम्मान की रक्षा की। यह घटना नारी शक्ति के अदम्य साहस का प्रमाण है।
उज्ज्वला योजना और शौचालय से मिला सम्मान
केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने माताओं-बहनों के दर्द को समझा है। जहां एक ओर ‘स्वच्छ भारत’ के तहत शौचालय बनवाकर महिलाओं को सम्मान दिया, वहीं ‘उज्ज्वला योजना’ के जरिए गरीब माताओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर गैस चूल्हा उपलब्ध कराया, जिससे उनका जीवन आसान हुआ है।
सीएम भजनलाल शर्मा का आभार और क्षेत्र का विकास
डॉ. सिंह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहल से आज पूरे राजस्थान में बेटियों को साइकिलें मिल रही हैं। उन्होंने डीग बाईपास, जिला अस्पताल और कुम्हेर उप-जिला अस्पताल जैसे विकास कार्यों का उल्लेख किया और जानकारी दी कि 28 जनवरी से शुरू हो रहे विधानसभा बजट सत्र में क्षेत्र के लिए और भी बड़ी सौगातें मिलने की उम्मीद है।
भ्रष्टाचार मुक्त भारत
पूर्ववर्ती सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार और कॉमनवेल्थ जैसे घोटालों की गिरफ्त में था, लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने एक नई दिशा पकड़ी है और विश्व पटल पर भारत का मान बढ़ा है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि आपने एक ‘स्वर्णिम युग’ में जन्म लिया है, जहां आपके आगे बढ़ने के लिए अनंत अवसर मौजूद हैं। कार्यक्रम में विद्यालय शिक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं ललित तिवारी, राकेश गिरसे, राजेंद्र खंडेलवाल, प्रीति गर्ग, भावना गधी, गिरीश शर्मा, राहुल लवानिया, पवन खंडेलवाल, कार्यक्रम का संचालन उमेश प्रजापति ने किया


