जिला निर्वाचन अधिकारी उत्सव कौशल ने दिलाई राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शपथ
कार्मिकों ने लिया लोकतान्त्रिक मर्यादाओं के संरक्षण का संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर डीग। भारत के लोकतांत्रिक ढांचे को सुदृढ़ करने और नागरिकों में चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूकता संचारित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 25 जनवरी को सार्वजनिक अवकाश होने के दृष्टिगत, जिला निर्वाचन अधिकारी उत्सव कौशल ने शुक्रवार को प्री-एनवीडी कार्यक्रम के तहत समस्त अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलवाई।
लोकतांत्रिक मर्यादाओं की शपथ
समारोह के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल ने संविधान की उद्देशिका के अनुरूप शपथ का वाचन किया, जिसे उपस्थित कार्मिकों ने सामूहिक रूप से दोहराया।
शपथ के मुख्य अंश इस प्रकार रहे: हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगें।


