बालाघाट
जॉब सही एप और सतपुड़ा शिक्षा समूह की नई पहल
दो दिवसीय रोजगार एवं कैरियर आयोजन से युवाओं को मिलेगा मौका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट : बालाघाट में युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने की दिशा में जॉब सही एप व सतपुड़ा शिक्षण संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में अनुकरणीय पहल की जा रही है। सतपुड़ा इंजीनियरिंग कॉलेज बालाघाट के २५ वीं वर्षगांठ पर २५ व २६ जनवरी को दो दिवसीय ओपन मेगा कैम्प्स ड्राइव आयोजित किया गया है। इस संबंध में संस्थान के डायरेक्टर व जॉब सही एप के सॉफ्टवेयर डेव्हलपर ने २२ जनवरी को पत्रकारों से चर्चा में बताया कि इस रोजगार मेगा ड्राइव में देश की करीब १०० से अधिक कंपनियां पहुंच रही है। जिसमें युवाओं को उनकी क्षमता व योग्यता के अनुसार रोजगार के लिये चयनित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि बेरोजगार युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ रोजगार मुहैय्या कराना। इस बार जिले का सबसे बड़ा रोजगार प्लेसमेंट का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें हजारों युवाओं को इस माध्यम से रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने इसे रोजगार, मार्गदर्शन और तकनीक आधारित चयन प्रक्रिया का एक सशक्त मंच बताया।
उन्होंने बताया कि इस रोजगार अवसर के माध्यम से करीब ८ हजार से अधिक रिक्त पदों के लिए युवाओं का चयन सीधे साक्षात्कार द्वारा किया जाएगा। चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखने पर विशेष जोर दिया जाएगा। यह रोजगार शिविर सभी वर्गों के युवाओं के लिए खुला रहेगा। इसमें औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग, दसवीं, बारहवीं एवं स्नातक उत्तीर्ण युवा देश के किसी भी कोने से शामिल हो सकते है। इसका उद्देश्य योग्य युवाओं को एक ही मंच पर लाकर उन्हें वास्तविक रोजगार अवसर उपलब्ध कराना है।



