शामली

कैराना के लाल को मिला गणतंत्र दिवस पर सम्मान

 मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस जवान को मेडल देकर किया गौरवान्वित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव बराला निवासी उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान ने अपने सराहनीय कार्यों से न केवल अपने गांव बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें उत्कृष्ट पुलिस सेवा और कर्तव्यनिष्ठा के लिए मेडल देकर सम्मानित किया।गांव बराला निवासी किसान पुत्र इसरान चौधरी ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर नियुक्ति प्राप्त की थी। पुलिस सेवा में आने के बाद उन्होंने लगातार कई वर्षों तक अमरोहा जनपद में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाई। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों की सेवा में भी अहम भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें तत्कालीन पुलिस अधीक्षक द्वारा भी सम्मानित किया गया था।बीते दिनों आरक्षी इसरान चौधरी को उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा के अंतर्गत प्रयागराज में आयोजित भव्य महाकुंभ मेले में तैनाती मिली थी। महाकुंभ मेले के दौरान उन्होंने दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं और भक्तों की सेवा करते हुए अनुकरणीय कार्य किया। भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और जनसेवा के प्रति उनकी ईमानदारी व समर्पण को देखते हुए राज्य सरकार ने उन्हें विशेष सम्मान के लिए चयनित किया।महाकुंभ मेले में उत्कृष्ट सेवा देने के उपरांत गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरक्षी इसरान चौधरी को महाकुंभ सेवा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस सम्मान की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव बराला में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इज़हार किया और उन्हें गांव का गौरव बताया।वर्तमान समय में आरक्षी इसरान चौधरी जनपद बिजनौर में तैनात हैं और पूरी निष्ठा के साथ अपनी पुलिस सेवा निभा रहे हैं। उनका यह सम्मान युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है और यह साबित करता है कि मेहनत और ईमानदारी से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button