गाजियाबाद

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह: गाजियाबाद में नुक्कड़ नाटक से बच्चों को मिला सुरक्षित यातायात का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसी उद्देश्य को लेकर राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के तहत गाजियाबाद में स्कूली बच्चों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में परिवहन विभाग, गाजियाबाद द्वारा लोनी स्थित ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व यात्री/मालकर अधिकारी राजेश्वर कुशवाहा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों को केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा के आवश्यक उपाय के रूप में समझाया।
उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, तय गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और जेब्रा क्रॉसिंग से ही सड़क पार करने जैसे नियमों पर विशेष जोर दिया। साथ ही कहा कि आज की जागरूक पीढ़ी ही भविष्य की सुरक्षित सड़कों की आधारशिला रखेगी।
कार्यक्रम को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा विषय पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। नाटकों के माध्यम से यह दर्शाया गया कि कैसे छोटी-छोटी गलतियाँ गंभीर दुर्घटनाओं में बदल जाती हैं और सतर्कता से अनमोल जीवन बचाया जा सकता है।
विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी और सामाजिक चेतना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर प्रवर्तन स्टाफ संदीप कुमार सिंह, वेद प्रकाश, विद्यालय प्रबंधक डॉ. विपुल बर्सले, प्रशासनिक अधिकारी अकबर रज़ा, प्रधानाचार्या श्रीमती सरिता कुमारी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button